केरल के पूर्व DGP टॉमिन जे. थाचनकरी को आय से अधिक संपत्ति के मामले में चार साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई गई है. कोट्टायम विजिलेंस कोर्ट के जज केवी राजनिश ने उन्हें भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत दोषी ठहराया. अदालत ने उन पर 30.84 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है.

अदालत के आदेश के बाद थाचनकरी को तिरुवनंतपुरम की पूजापुरा सेंट्रल जेल भेजने का निर्देश दिया गया. उन्हें इस फैसले के खिलाफ केरल हाई कोर्ट में अपील करने का अधिकार है.

जांच में क्या सामने आया

विजिलेंस एंड एंटी-करप्शन ब्यूरो की एर्नाकुलम स्थित स्पेशल सेल ने मामले की जांच की थी. अभियोजन पक्ष के मुताबिक, 2003 से 2007 के बीच थाचनकरी की ज्ञात आय की तुलना में उनकी संपत्ति 135.80 फीसदी अधिक पाई गई. जांच एजेंसी के अनुसार, इस अवधि में करीब 64.70 लाख रुपये का ऐसा खर्च सामने आया, जिसका उनकी आय के स्रोतों से मिलान नहीं हो सका.

मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने 96 गवाह पेश किए और 271 दस्तावेज अदालत के सामने रखे. बचाव पक्ष की ओर से 23 गवाहों की गवाही कराई गई और 55 दस्तावेज पेश किए गए.

स्वास्थ्य के आधार पर राहत की अपील

सजा सुनाए जाने से पहले थाचनकरी ने अपनी स्वास्थ्य स्थिति का हवाला देते हुए अदालत से नरमी बरतने की अपील की थी. अभियोजन पक्ष ने इसका विरोध करते हुए कहा कि जिस ऊंचे पद पर वह रहे हैं, उसे देखते हुए राहत नहीं दी जानी चाहिए.

मामले के शिकायतकर्ताओं बॉबी कुरुविला और अलेक्जेंडर कुरुविला ने फैसले पर संतोष जताया. हालांकि, उनका कहना है कि जांच में केवल 2003 से 2007 के बीच की संपत्ति को शामिल किया गया था. विजिलेंस के विशेष लोक अभियोजक केके श्रीकांत ने फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह निर्णय कानून के समान लागू होने का संदेश देता है.