केरल राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे बच्चों के बालों की लंबाई के आधार पर भेदभाव या दंडात्मक कार्रवाई न करें. आयोग के अनुसार, लड़के और अपनी लैंगिक पहचान को किसी एक श्रेणी से नहीं जोड़ने वाले बच्चे अपनी पसंद के अनुसार बाल बढ़ा सकते हैं. इसके लिए उन्हें सजा नहीं दी जा सकती.
आयोग ने यह भी कहा कि स्कूल प्रबंधन बालों की लंबाई के कारण लड़कों या ट्रांसजेंडर बच्चों को मानसिक रूप से परेशान नहीं कर सकता. ऐसे बच्चों को कक्षा से बाहर निकालना, उनके साथ भेदभाव करना या कोई अन्य दंड देना भी निर्देशों के विरुद्ध होगा. आयोग ने स्कूलों से कहा कि बाहरी रूप-रंग के बजाय बच्चों की पढ़ाई और व्यक्तित्व विकास को प्राथमिकता दी जानी चाहिए.
नई गाइडलाइन तैयार करने का निर्देश
आयोग ने कहा कि राज्य शिक्षा विभाग या CBSE की ओर से इस मुद्दे पर कोई विशेष दिशा-निर्देश उपलब्ध नहीं हैं. इसलिए उचित गाइडलाइन तत्काल तैयार की जाए. इसे जारी करने से पहले संबंधित बच्चों की राय भी सुनी जानी चाहिए. आयोग ने अपने निर्देशों पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट 45 दिनों के भीतर मांगी है.
यह आदेश दो अर्जियों पर सुनवाई के बाद आया. पहली अर्जी कोझिकोड के रामनाट्टुकरा निवासी इंदु मेनन ने दी थी. उन्होंने आरोप लगाया था कि कुछ स्कूल लंबे बाल रखने वाले लड़कों और ट्रांसजेंडर के रूप में पहचान न रखने वाले बच्चों के साथ भेदभाव करते हैं. दूसरी अर्जी कोट्टक्कल के एक निजी स्कूल के प्राचार्य ने दी थी. उन्होंने कक्षा 11 के एक छात्र के बाल न कटवाने के मामले में कार्रवाई को लेकर मार्गदर्शन मांगा था.
