केरल और तमिलनाडु में भारी बारिश का दौर जारी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दोनों राज्यों के कई हिस्सों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किए हैं. विभाग के अनुसार, कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है और अगले कुछ दिनों तक मौसम प्रभावित रहने की संभावना है.
केरल में एर्नाकुलम और त्रिशूर के लिए 22 अक्टूबर को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मलप्पुरम और कोझिकोड में भी इसी दिन बहुत भारी बारिश की चेतावनी है. तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पत्तनमतिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, पलक्कड़, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड समेत कई जिलों में येलो अलर्ट लागू है. कुछ जिलों के लिए 23 से 25 अक्टूबर तक भी चेतावनी जारी की गई है.
तमिलनाडु और पुडुचेरी के लिए IMD ने 22 से 25 अक्टूबर तक बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है. 26 अक्टूबर को भारी बारिश का पूर्वानुमान है. इस दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका भी बनी रहेगी.
मौसम विभाग और राज्य एजेंसियों ने जलभराव वाले क्षेत्रों, नदियों के किनारे और भूस्खलन की आशंका वाले इलाकों में सावधानी बरतने की सलाह दी है. केरल-लक्षद्वीप तट पर 21 से 25 अक्टूबर तक मछली पकड़ने से बचने को कहा गया है.
