केरल के त्रिशूर जिले में शुक्रवार देर रात एक कार सड़क किनारे खड़े मालवाहक ट्रक से जा टकराई. हादसे में कार सवार आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस के अनुसार दुर्घटना रात करीब 11:40 बजे कप्पामंगलम के पनंबिकुन्नू इलाके में हुई.
बताया जा रहा है कि कार तमिलनाडु नंबर की थी और वह गुरुवायुर से कोडुंगल्लूर की ओर जा रही थी. पनंबिकुन्नू सेंटर के पास कार सड़क के किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी. टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि पीछे का हिस्सा भी दब गया.
कार काटकर बाहर निकाले गए शव
हादसे के बाद कार में सवार लोग उसमें फंस गए. स्थानीय लोगों, पुलिस और दमकल-बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया. कार की हालत इतनी खराब थी कि शवों को बाहर निकालने के लिए वाहन को काटना पड़ा.
सभी शवों को त्रिशूर मेडिकल कॉलेज की मॉर्चरी में भेज दिया गया है. पुलिस मृतकों की पहचान और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है. पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
अधिकांश मृतक इंजीनियरिंग छात्र होने की बात
पुलिस के अनुसार, कार में सवार अधिकांश लोग तमिलनाडु के डिंडीगुल स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र बताए जा रहे हैं. हालांकि, उपलब्ध जानकारी के अनुसार उनकी पहचान और इस दावे की आधिकारिक पुष्टि अभी लंबित है. पुलिस जांच के बाद ही मृतकों के नाम और हादसे की परिस्थितियों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आएगी.
