अमेरिकी स्वास्थ्य एवं मानव सेवा विभाग के इंस्पेक्टर जनरल कार्यालय (HHS-OIG) ने खदीर खान मोहम्मद को हेल्थ केयर फ्रॉड के मामले में वांछित भगोड़ा बताया है. एजेंसी की सूची में उनका संभावित ठिकाना हैदराबाद, भारत दर्ज है.
अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, मोहम्मद पर टेक्सास के रिचर्डसन स्थित American Premier Labs LLC के जरिए मेडिकेयर को जेनेटिक टेस्टिंग के लिए कथित तौर पर फर्जी दावे भेजने का आरोप है. यह कथित योजना अगस्त 2023 से अक्टूबर 2024 के बीच उत्तरी टेक्सास और अन्य स्थानों पर चलने की बात कही गई है.
अधिकारियों का आरोप है कि कुछ दावे ऐसे जेनेटिक परीक्षणों के लिए थे जो प्रतिपूर्ति के योग्य नहीं थे, अधिकृत चिकित्सकों ने नहीं मंगवाए थे या बताए गए रूप में किए नहीं गए थे. जांच एजेंसियों के मुताबिक, चिकित्सकों की व्यक्तिगत पहचान संबंधी जानकारी उनके ज्ञान या सहमति के बिना इस्तेमाल की गई.
आरोपों के अनुसार, American Premier के जरिए करीब 9.3 करोड़ डॉलर के दावे दाखिल किए गए, जिन पर मेडिकेयर ने कम से कम 6.5 करोड़ डॉलर का भुगतान किया. 2023 में 10 दिनों की एक अवधि में ही लगभग 1.3 करोड़ डॉलर का भुगतान हुआ था. न्याय विभाग ने यह भी बताया कि मोहम्मद के नियंत्रण वाले बैंक खातों से करीब 60 लाख डॉलर जब्त किए गए.
HHS-OIG ने स्पष्ट किया है कि आरोप अभी केवल आरोप हैं और दोष सिद्ध होने तक व्यक्ति को निर्दोष माना जाता है.
