पंजाब के खन्ना में मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद के बाद 22 वर्षीय युवक सचिन पासवान की हत्या का मामला सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में उसके दोस्त हरमन को गिरफ्तार किया है. दोनों मजदूरी का काम करते थे.
पुलिस के मुताबिक, मोबाइल फोन को लेकर सचिन और हरमन के बीच कहासुनी हुई थी. विवाद बढ़ने पर हरमन ने सचिन पर ईंट से हमला कर दिया. हमले में सचिन की मौत हो गई.
झाड़ियों से मिला शव
घटना के बाद एक युवक के लापता होने की सूचना पुलिस को मिली थी. तलाश के दौरान मिड मार्केट इलाके की झाड़ियों से सचिन का शव बरामद हुआ. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और हत्या की जांच शुरू की.
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. पुलिस के अनुसार, फुटेज के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई गई और हरमन को गिरफ्तार कर लिया गया.
खन्ना के डीएसपी विनोद कुमार ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस मामले में नशे के एंगल की भी जांच कर रही है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, हत्या की वजह और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है.
