मोहाली जिले के खरड़ स्थित सब-डिविजनल अस्पताल में शनिवार रात ड्यूटी पर तैनात महिला डॉक्टर के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया. पुलिस के अनुसार, इलाज के दौरान विवाद के बाद मरीज ने डॉक्टर पर हमला किया और अस्पताल में तोड़फोड़ की.
शिकायत के मुताबिक, डॉक्टर हरमनप्रीत कौर 24 अक्टूबर की रात करीब आठ बजे ड्यूटी पर थीं. इसी दौरान इलाज के लिए पहुंचे व्यक्ति से किसी बात पर बहस हो गई. आरोप है कि उसने डॉक्टर के बाल पकड़ लिए और उनकी शर्ट फाड़ दी. बीच-बचाव करने आए अस्पताल के कर्मचारियों से भी आरोपी के हाथापाई करने की बात सामने आई है.
अस्पताल स्टाफ ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आरोपी को काबू कर पुलिस के हवाले किया. पुलिस ने आरोपी की पहचान खरड़ निवासी रणजीतपाल सिंह के रूप में की है. सिटी खरड़ थाने में उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 115(2), 76, 132 और 221 के अलावा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने संबंधी कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है.
घटना के समय अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने का मुद्दा भी उठा है. पंजाब सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन ने सब-डिविजनल अस्पतालों में सुरक्षा गार्ड तैनात करने की मांग दोहराई है.
