कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित सार्वजनिक महाभियोग अभियान को लेकर 30 अक्टूबर को बैठक बुलाई है. यह बैठक दिल्ली में 10, राजाजी मार्ग स्थित खड़गे के आवास पर दोपहर 3:30 बजे होगी. इसे ‘मॉक पार्लियामेंट’ के तौर पर आयोजित किया जाना है.
खड़गे ने संबंधित पार्टी सदस्यों को पत्र भेजकर बैठक में शामिल होने और अपनी मौजूदगी सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है. पत्र में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ सार्वजनिक महाभियोग से जुड़े कार्यक्रम के लिए 30 अक्टूबर को निर्धारित स्थान और समय पर एकत्र होने की अपील की गई है.
कार्यक्रम को लेकर अनुमति पर अलग-अलग दावे
कांग्रेस की शुरुआती योजना इस कार्यक्रम को बड़े स्तर पर आयोजित करने की थी. कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल के अनुसार, अशोका होटल में अनुमति नहीं मिलने के बाद इसे दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित करने की योजना बनाई गई थी. कांग्रेस का दावा था कि 25 अक्टूबर से 3 नवंबर तक रामलीला मैदान के लिए अनुमति होने के बावजूद 30 अक्टूबर के कार्यक्रम को मंजूरी नहीं दी गई.
इसके विपरीत, दिल्ली पुलिस से जुड़े सूत्रों के अनुसार कांग्रेस को प्रदर्शन के लिए दिया गया अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) न तो वापस लिया गया है और न ही रद्द किया गया है. पुलिस का कहना है कि रैली की तैयारियों में दखल नहीं दिया जा रहा. पुलिस के मुताबिक अशोका होटल के भीतर मॉक पार्लियामेंट की अनुमति देना उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता.
1 नवंबर को रामलीला मैदान में महारैली
कांग्रेस और INDIA गठबंधन 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ नारे के साथ महारैली करने वाले हैं. विपक्षी दलों ने इस अभियान को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों के विरोध से जोड़ा है. AICC महासचिव अविनाश पांडे के अनुसार, अभियान 26 अक्टूबर से 26 नवंबर तक अलग-अलग चरणों में चलेगा और राष्ट्रीय से बूथ स्तर तक चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता का मुद्दा उठाया जाएगा.
