कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने फिक्की के शताब्दी सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण पर निशाना साधते हुए केंद्र सरकार पर आर्थिक मोर्चे पर विफल रहने का आरोप लगाया. खरगे ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपनी नाकामियों के लिए कारोबारी समुदाय को जिम्मेदार ठहराया और ऐसा लगा जैसे वे विपक्ष के नेता हों.

खरगे ने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि प्रधानमंत्री 12 साल बाद बेरोजगारी, वेतन और रोजगार जैसे मुद्दों पर जागे हैं. उन्होंने सरकार पर ‘क्रोनी कैपिटलिज्म’ यानी कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों को अनुचित लाभ पहुंचाने वाली व्यवस्था को बढ़ावा देने का आरोप लगाया.

कांग्रेस अध्यक्ष के अनुसार, इसका असर सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSME) तथा छोटे व्यापारियों पर पड़ा है. उन्होंने कहा कि बाजार में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की कमी से नवाचार प्रभावित हुआ, विनिर्माण की गुणवत्ता कमजोर हुई और भारतीय उत्पादों की विश्वसनीयता तथा वैश्विक ब्रांड वैल्यू में गिरावट आई.

खरगे ने बेरोजगारी, महंगाई और बचत से जुड़े मुद्दे उठाते हुए आरोप लगाया कि सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम बंद किए गए हैं. उन्होंने सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ पहल पर तंज कसते हुए इसे ‘चीन से खरीदो’ में बदलने का आरोप लगाया.

प्रधानमंत्री मोदी ने सम्मेलन में उद्योग जगत से पूछा था कि क्या कंपनियों ने अपने कर्मचारियों का वेतन बढ़ाया और रोजगार बढ़ाने में योगदान दिया. उन्होंने सरकार की ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि मूल कॉर्पोरेट टैक्स दर 2014 के 30 प्रतिशत से घटाकर 22 प्रतिशत की गई है. प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि 12 लाख रुपये तक की आय पर इनकम टैक्स नहीं लगता.