खूंटी जिले के उलिहातू से भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की तीन दिवसीय पदयात्रा शुरू हुई. पदयात्रा का उद्देश्य बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और जनजातीय समाज के योगदान को लोगों तक पहुंचाना बताया गया है.

पहले दिन यात्रा ने करीब 28 किलोमीटर की दूरी तय कर खूंटी स्थित भाजपा जिला कार्यालय में पड़ाव किया. 14 नवंबर को पदयात्रा खूंटी से रांची के लिए रवाना होगी. प्रस्तावित मार्ग में कालामाटी, तुपुदाना, हटिया, बिरसा चौक और अल्बर्ट एक्का चौक शामिल हैं.

15 नवंबर को रांची के बिरसा मुंडा संग्रहालय से यात्रा आगे बढ़ेगी और भगवान बिरसा मुंडा के समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि के साथ इसका समापन होगा.

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, मधु कोड़ा, नीलकंठ सिंह मुंडा, गीता कोड़ा और समीर उरांव समेत कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए.