झारखंड के खूंटी जिले में कर्रा थाना क्षेत्र के कर्रा-तोरपा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से सात लोगों की मौत हो गई. हादसा गुरुवार देर रात जोने-लुदरू मोड़ के पास, पोड़ा से पहले हुआ. मृतकों में चार महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं.

पुलिस के अनुसार, सड़क किनारे एक स्कूटी सवार के गिरने के बाद कुछ लोग उसकी मदद के लिए वहां जुटे थे. इसी दौरान तोरपा की ओर से आ रहे ट्रक ने वहां मौजूद लोगों को कुचल दिया. हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया.

स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना कर्रा थाना पुलिस को दी. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खूंटी सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सात लोगों को मृत घोषित कर दिया गया. हादसे में घायल एक बच्ची का अस्पताल में इलाज चल रहा है.

मृतकों में चार महिलाओं और तीन बच्चों की पुष्टि हुई है. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, फरार चालक की तलाश की जा रही है.