अजमेर के किशनगढ़ एयरपोर्ट पर गुरुवार को ट्रेनिंग उड़ान पर निकले एक ट्रेनी विमान की आपात लैंडिंग कराई गई. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उड़ान के दौरान विमान के बाएं टायर में खराबी की जानकारी मिली थी. बाद में सामने आया कि लैंडिंग से पहले बायां टायर विमान से निकल गया था. विमान में मौजूद ट्रेनर और ट्रेनी पायलट सुरक्षित बताए गए हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक, अवन्या एविएशन के विमान ने सुबह करीब 9.30 बजे किशनगढ़ एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी. लगभग डेढ़ घंटे की ट्रेनिंग उड़ान के बाद चालक दल को टायर में समस्या का पता चला. उन्होंने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इसकी सूचना दी. इसके बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने संभावित आपात स्थिति को देखते हुए फुल इमरजेंसी घोषित की और प्रशासन के साथ NDRF तथा SDRF को भी सूचित किया.
विमान में पर्याप्त ईंधन होने के कारण तत्काल लैंडिंग कराने के बजाय उसे एयरपोर्ट के आसपास हवा में चक्कर लगवाए गए, ताकि ईंधन निर्धारित स्तर तक कम हो सके. रिपोर्ट में बताया गया है कि यह प्रक्रिया करीब तीन घंटे चली और ईंधन कम होने के बाद विमान को उतारने की अनुमति दी गई.
लैंडिंग से पहले तैयारियों का परीक्षण
आपात स्थिति से निपटने के लिए एयरपोर्ट टर्मिनल के पास कच्चे रास्ते पर फोम बिछाकर पानी का छिड़काव किया गया. इसके बाद एक अन्य पाइपर विमान से तैयार लैंडिंग व्यवस्था का परीक्षण किया गया, जिसे सफल बताया गया.
रिपोर्ट के अनुसार, पाइपर विमान में तीन टायर होते हैं. इस विमान की लैंडिंग के समय आगे और दाएं तरफ का टायर मौजूद था, जबकि बायां टायर निकल चुका था. टायर के निकलने की वजह और घटना से जुड़ी विस्तृत तकनीकी जानकारी आधिकारिक जांच रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी.
