जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के दूरदराज दच्छन-मरवाह इलाके से दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के लापता होने की सूचना है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दोनों बुधवार दोपहर आर्मी की पेट्रोलिंग टीम के साथ थे और ढेरना पोस्ट की ओर जा रहे थे.

लापता होने से पहले दोनों के मोबाइल फोन चालू थे, लेकिन बाद में दोनों नंबर स्विच ऑफ हो गए. इसी दौरान इलाके में फायरिंग की आवाज सुने जाने की भी जानकारी सामने आई है. हालांकि, फायरिंग की वजह और इसमें किसी के शामिल होने की आधिकारिक पुष्टि उपलब्ध नहीं है.

घटना के बाद पुलिस और सुरक्षाबलों ने दोनों SPO की तलाश के लिए संयुक्त अभियान शुरू किया है. बताया गया है कि दोनों के लापता होने के समय इलाके में Airtel नेटवर्क सेवा भी बाधित हुई थी. Airtel ने 10 मार्च को मरवाह इलाके में पहली बार मोबाइल नेटवर्क सेवा शुरू करने की घोषणा की थी.

अक्टूबर में भी SPO लापता हुआ था

15 अक्टूबर 2026 को SPO बशीर अहमद किश्तवाड़ के त्रिगाम स्थित पुलिस पिकेट से सर्विस राइफल के साथ लापता हुए थे. अगले दिन उनका शव त्रिगाम के जंगल में एक नाले के पास गड्ढे में दबा मिला था. पुलिस ने 19 अक्टूबर को इस हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था.

वर्तमान मामले में दोनों लापता SPO की स्थिति और घटना के कारणों को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.