रोहतास जिले के कोचस प्रखंड कार्यालय में हुई प्रखंड कार्यान्वयन समिति की बैठक में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और विभागीय कामकाज को लेकर जनप्रतिनिधियों ने सवाल उठाए. बैठक की अध्यक्षता हरिहर प्रसाद सिंह ने की.

बैठक में राजस्व, खाद्य आपूर्ति, नल-जल, स्वच्छता, बिजली और अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई. भाजपा कोचस पूर्वी मंडल अध्यक्ष राजेश सिंह ने अंचल कार्यालय के कर्मचारियों और चालक पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए. उन्होंने परिमार्जन और दाखिल-खारिज से जुड़े कामों में साइबर कैफे संचालकों के साथ मिलीभगत की शिकायत भी रखी.

विधायक वशिष्ठ सिंह ने मामले में अंचलाधिकारी श्वेता कुमारी को कार्रवाई का निर्देश दिया. जन वितरण प्रणाली की दुकानों से जुड़ी शिकायतें भी बैठक में उठीं. सदस्यों ने बिजली, कृषि, पशुपालन, पीएचईडी और आपदा राहत से संबंधित समस्याओं पर अधिकारियों का ध्यान दिलाया.

स्वच्छता योजना की स्थिति पर भी नाराजगी जताई गई. सदस्यों का कहना था कि कई स्थानों पर डस्टबिन और ठेले उपयोग के बजाय केवल दिखावे तक सीमित हैं. योजना से संबंधित सूचना बोर्ड नहीं लगाए जाने और काम कागजों तक सीमित रहने की शिकायत भी की गई.

बैठक में तय हुआ कि अगली बैठक में उठाए गए मुद्दों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा की जाएगी.