तेलंगाना की माकथल-नारायणपेट-कोडंगल लिफ्ट सिंचाई परियोजना अक्टूबर 2028 तक पूरी होने की उम्मीद है. मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने परियोजना की प्रगति और निर्धारित समयसीमा की जानकारी दी.
अधिकारियों के अनुसार, परियोजना का पहला चरण दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है, जबकि दूसरे चरण का काम अक्टूबर 2028 तक पूरा किया जाना प्रस्तावित है. बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री के पिछले निर्देशों के बाद पंप हाउस से जुड़े कामों में तेजी लाई जा रही है.
दूसरे चरण के लिए जल्द जारी होंगे टेंडर
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दूसरे चरण के कामों के लिए जल्द से जल्द टेंडर आमंत्रित करने का निर्देश दिया. उन्होंने संबंधित विभागों से परियोजना के लिए हर साल आवश्यक बजट का पूरा ब्योरा उपलब्ध कराने को भी कहा, ताकि पर्याप्त धनराशि सुनिश्चित की जा सके और काम की रफ्तार बढ़ाई जा सके.
रेवंत रेड्डी ने परियोजना से जुड़े लंबित भूमि अधिग्रहण कार्यों को भी बिना देरी पूरा करने का निर्देश दिया. बैठक में कांग्रेस विधायक राममोहन रेड्डी और मनोहर रेड्डी के अलावा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, जिला कलेक्टर और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे.
कोडंगल में शिक्षा और स्वास्थ्य परियोजनाओं की भी समीक्षा
सिंचाई परियोजना की समीक्षा से पहले मुख्यमंत्री ने कोडंगल विधानसभा क्षेत्र में चल रहे शिक्षा और अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों से सभी परियोजनाओं में आपसी समन्वय बनाए रखने और तय समयसीमा के भीतर काम पूरा करने को कहा.
मुख्यमंत्री ने मड्डूर में निर्माणाधीन सरकारी डिग्री कॉलेज का निरीक्षण किया. इसके बाद उन्होंने दौलताबाद मंडल के गोकाफसलवाड में बन रहे बीसी कल्याण आवासीय विद्यालय और कोडंगल कस्बे में सरकारी जूनियर कॉलेज के निर्माण कार्यों का जायजा लिया.
बाद में उन्होंने हकीमपेट स्थित एजुकेशन हब का दौरा किया. यहां यंग इंडिया इंटीग्रेटेड रेजिडेंशियल स्कूल, सरकारी मेडिकल और नर्सिंग संस्थान, फिजियोथेरेपी और पैरामेडिकल कॉलेज, 430 बिस्तरों वाले अस्पताल समेत अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का निरीक्षण किया.
मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और तकनीकी पहलुओं की हर चरण पर निगरानी करने को कहा. उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्र में चल रही सभी परियोजनाओं के लिए स्पष्ट समयसीमा तय करने और नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करने का निर्देश दिया.
