झारखंड के कोडरमा जिले में सरकारी स्कूल की बदहाल व्यवस्था के खिलाफ छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन किया. मामला सतगावां प्रखंड के बासोडीह राज्य संपोषित 10+2 उच्च विद्यालय का है. छात्रों का दावा है कि स्कूल में 2,540 विद्यार्थी नामांकित हैं, जबकि पढ़ाने के लिए केवल 10 शिक्षक उपलब्ध हैं.

प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों के अनुसार, स्कूल में शिक्षकों के 22 पद स्वीकृत हैं और 18 शिक्षक पदस्थापित किए गए थे. इनमें से आठ को दूसरे स्कूलों में प्रतिनियुक्ति पर भेजे जाने के बाद यहां पढ़ाई प्रभावित हो गई. छात्रों ने बताया कि कक्षा 9वीं और 10वीं में अंग्रेजी, इतिहास, संस्कृत, जीवविज्ञान और अर्थशास्त्र के शिक्षक नहीं हैं. वहीं 11वीं और 12वीं में गणित, रसायन विज्ञान, इतिहास, हिंदी और संस्कृत पढ़ाने के लिए शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं.

छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि बारिश के दौरान कक्षाओं की छत से पानी टपकता है और शौचालयों पर ताले लगे रहते हैं. उनके मुताबिक, एक बेंच पर आठ-आठ विद्यार्थियों को बैठना पड़ता है.

स्कूल से सतगावां प्रखंड मुख्यालय तक छात्रों ने करीब 10 किलोमीटर पैदल मार्च निकाला और धरना दिया. प्रदर्शन के दौरान उन्होंने शिक्षकों की नियुक्ति और पढ़ाई की व्यवस्था सुधारने की मांग की. छात्रों ने प्रशासन को 15 दिनों में समाधान का अल्टीमेटम दिया है.