कोलकाता स्थित पश्चिम बंगाल BJP मुख्यालय में गुरुवार, 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वैक्स प्रतिमा का अनावरण किया गया. यह कार्यक्रम उनके जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों का हिस्सा था.
प्रतिमा को आसनसोल के मूर्तिकार सुशांत रॉय ने करीब दो महीने में तैयार किया है. इसकी ऊंचाई 5.7 फीट बताई गई है और इसे मोम तथा लोहे से बनाया गया है. प्रतिमा में नरेंद्र मोदी को बंगाली धोती-कुर्ते में दिखाया गया है.
रॉय के मुताबिक, उन्होंने प्रतिमा को प्रधानमंत्री के उस रूप से प्रेरित होकर तैयार किया, जिसमें मोदी 4 मई को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में BJP की जीत के बाद दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचे थे. रॉय इसे व्यक्तिगत रूप से प्रधानमंत्री को सौंपना चाहते थे, लेकिन आधिकारिक प्रोटोकॉल के कारण ऐसा नहीं हो सका.
पश्चिम बंगाल BJP अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद समिक भट्टाचार्य की निगरानी में प्रतिमा का अनावरण किया गया. BJP ने नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए हैं. ये आयोजन 17 सितंबर से शुरू होकर अगले एक महीने तक चलने हैं.
