कोलकाता मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने छह वर्षीय बच्चे के फेफड़े में फंसे छोटे चुंबक को विशेष तकनीक की मदद से निकाल लिया. बच्चे की पहचान आराफात अली के रूप में हुई है और वह उत्तर 24 परगना के बादुड़िया का रहने वाला है. उसे लगातार खांसी और सांस लेने में परेशानी के बाद अस्पताल लाया गया था.
जांच में पता चला कि खिलौने में इस्तेमाल होने वाला ताबीज जैसे आकार का चुंबक सांस की नली से होते हुए दाएं ब्रॉन्कस में पहुंच गया था. CT स्कैन और एक्स-रे में इसकी पुष्टि हुई. यह वस्तु करीब तीन दिन तक फेफड़े में फंसी रही.
डॉक्टरों ने बुधवार को ब्रॉन्कोस्कोपी के जरिए चुंबक निकालने की कोशिश की. एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. दिप्तांशु मुखोपाध्याय ने फोर्सेप्स से चार बार प्रयास किया, लेकिन चुंबक पकड़ में नहीं आ सका. डॉक्टर के मुताबिक, वोकल कॉर्ड की ओर खींचने पर वह हर बार फिसल जाता था.
बच्चे की सांस बनाए रखने के लिए ट्रैकियोस्टॉमी की गई. थोराकोटॉमी यानी छाती खोलकर सर्जरी पर भी विचार हुआ. इसी बीच SSKM अस्पताल से मदद मांगी गई, लेकिन वहां पीडियाट्रिक ICU बेड उपलब्ध नहीं हो सका.
इसके बाद डॉक्टर माणिकतला की एक लेथ वर्कशॉप पहुंचे. वहां कर्मचारी प्रभाकर करार ने एक्स-रे देखने के बाद फोर्सेप्स की नोक पर लगाने के लिए मजबूत और विशेष आकार का चुंबक तैयार किया.
प्रोफेसर बंद्योपाध्याय के नेतृत्व में छह डॉक्टरों की टीम ने इस कस्टम मैग्नेट की मदद से प्रक्रिया पूरी की. ट्रैकियोस्टॉमी के रास्ते चुंबक निकाला गया और उसे सांस की नली में नीचे खिसकने से रोकने का ध्यान रखा गया. प्रक्रिया के बाद दोनों फेफड़ों में हवा का प्रवाह सामान्य बताया गया. बच्चे को आगे के इलाज के लिए ICU में रखा गया है.
