कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में 17 अक्टूबर की शाम हुई भगदड़ की पुलिस जांच में भीड़ बढ़ने की शुरुआती वजह सामने आई है. पुलिस के अनुसार, बारिश से बचने और कपड़े-मेकअप को सुरक्षित रखने के लिए कई महिलाएं बाहर निकलने वाले गेट के पास जमा हो गई थीं. इसके बाद भीड़ में धक्का-मुक्की शुरू हुई और लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे. हादसे में 19 लोगों की मौत हुई थी.

पुलिस की प्राथमिक जांच के मुताबिक, गेट से करीब 11 फीट दूर सबसे पहले एक व्यक्ति गिरा था. घटना शाम लगभग 7:30 बजे हुई थी. मामले में अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें दो लोगों पर पंडाल का एक हिस्सा गिरने की घोषणा कर अफरातफरी फैलाने का आरोप है. पुलिस उनके आवाज के नमूने लेने के लिए अदालत से अनुमति मांगने पर विचार कर रही है.

जांचकर्ताओं ने पंडाल तैयार करने वाले कलाकार से भी पूछताछ की है. साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि मौके पर महिला वॉलंटियर और पुलिसकर्मी पर्याप्त संख्या में तैनात थे या नहीं.

पंडाल आयोजकों ने सुरक्षा के लिए एक निजी एजेंसी नियुक्त की थी. उसके कर्मचारियों के पास ‘मेनपैक’ पोर्टेबल रेडियो थे. पुलिस यह जांच रही है कि घटना के समय कर्मचारी कहां तैनात थे, उन्हें भीड़ बढ़ने की सूचना कब मिली और उन्होंने प्रशासन तक जानकारी पहुंचाने में कोई देरी तो नहीं की.