कोलकाता के गिरीश पार्क थाना क्षेत्र में दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर हुई भगदड़ में 17 लोगों की मौत हो गई और 15 लोग घायल हुए. घटना शनिवार शाम करीब 7:40 बजे की बताई गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के प्रति संवेदना व्यक्त की.
प्रधानमंत्री ने कहा कि कोलकाता की भगदड़ बेहद दुखद है और स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता दे रहा है. प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, मृतकों के निकटतम परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी. प्रत्येक घायल को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे.
पुलिस अधिकारी के अनुसार, पंडाल में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे थे. बारिश शुरू होने पर बाहर इंतजार कर रहे लोग आगे बढ़े, जिससे कुछ लोग सड़क पर गिर गए और भगदड़ की स्थिति बन गई. सभी घायलों को बचाकर इलाज के लिए कलकत्ता मेडिकल कॉलेज ले जाया गया.
घटना के बाद पुलिस, दमकल, आपदा प्रबंधन और चिकित्सा दलों को मौके पर तैनात किया गया. एंबुलेंस भी लगाई गईं. पंडाल को आगंतुकों के लिए बंद कर दिया गया है.
अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की. लोगों को घटना से जुड़ी जानकारी देने के लिए लालबाजार कंट्रोल रूम में हेल्पलाइन शुरू की गई है. हेल्पलाइन नंबर 18003455678 और 03322141310 हैं. पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आरएन रवि के कार्यालय ने भी हादसे पर शोक जताया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.
