कोलकाता के मानिकतला स्थित ESI अस्पताल में एक वृद्ध महिला की मौत के बाद उनके शव को चूहों द्वारा कुतरे जाने का मामला सामने आया है. घटना अस्पताल के फीमेल सर्जिकल वार्ड से जुड़ी बताई गई है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मृतका की पहचान हावड़ा के आंदुल निवासी आल्पना दे के रूप में हुई है. परिवार का कहना है कि जब उन्होंने शव से कपड़ा हटाया तो चेहरे और हाथों पर कई चोट के निशान दिखे. आरोप है कि शव के चेहरे का हिस्सा, आंखों की पलक, होंठ और उंगलियां चूहों ने कुतर दीं.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, आल्पना दे लंबे समय से किडनी संबंधी बीमारी से जूझ रही थीं और तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था. परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें अस्पताल की ओर से मौत की सूचना समय पर नहीं दी गई.

अस्पताल प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 10 सदस्यीय जांच समिति बनाई है. समिति को तीन दिन के भीतर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि शव को नुकसान किस परिस्थिति में हुआ. जांच रिपोर्ट के बाद ही जिम्मेदारी और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सवालों पर स्थिति साफ होगी.