कोलकाता के गारिया इलाके में काली पूजा की रात 28 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर सार्थक सरकार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने मामले में उसकी लिव-इन पार्टनर संचालिका बसु और संचालिका की मां मौमिता बसु को गिरफ्तार किया है.
पुलिस के मुताबिक, वारदात शनिवार रात सार्थक के किराए के फ्लैट में हुई. किसी बात को लेकर सार्थक और उसकी लिव-इन पार्टनर के बीच बहस हुई थी. आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद धारदार हथियार से सार्थक के कंधे और गर्दन के पास वार किए गए.
चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ सार्थक को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सार्थक मूल रूप से उत्तर 24 परगना जिले के बारासात का रहने वाला था और साल्ट लेक के सेक्टर 5 स्थित एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम करता था.
पुलिस ने पहले संचालिका बसु को हिरासत में लिया. जांच के दौरान उसकी मां मौमिता बसु को भी कथित संलिप्तता और साजिश के संदेह में गिरफ्तार किया गया. पुलिस अब हत्या की वजह, दोनों आरोपियों की भूमिका और वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी की जांच कर रही है. अधिकारियों के अनुसार, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि घटना अचानक हुए विवाद का परिणाम थी या इसके पीछे पहले से कोई योजना थी.
