कोंडागांव जिले में एनएच-30 स्थित बटराली चौक के पास पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, दोनों बस का इंतजार कर रहे थे और अपने बैगों में गांजा लेकर बिक्री के लिए ले जाने की कोशिश में थे. उनके कब्जे से तीन पैकेट में कुल 16 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है. इसकी बाजार कीमत करीब 8 लाख रुपए आंकी गई है.

पुलिस के मुताबिक, 13 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बटराली चौक के पास दो संदिग्ध व्यक्ति नीले और काले पिट्ठू बैग लेकर खड़े हैं. उनके पास पान पराग का एक झोला भी था. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों को पकड़ लिया.

पूछताछ में पकड़े गए लोगों की पहचान सिद्धार्थ सिंह (25), निवासी भीमनगर, जिला मैनपुरी और अशोक (46), निवासी अब्दुल नवीपुर, जिला मथुरा, उत्तर प्रदेश के रूप में बताई गई है. तलाशी के दौरान सिद्धार्थ के नीले बैग और झोले से गांजे के दो पैकेट मिले, जबकि अशोक के काले बैग से एक पैकेट बरामद हुआ. तीनों पैकेट का कुल वजन 16 किलोग्राम बताया गया है.

पुलिस ने गांजे के अलावा मोबाइल फोन, अलग-अलग कंपनियों के सिम कार्ड, एटीएम कार्ड, ईयरफोन और नकदी भी जब्त की है. सिद्धार्थ के पास फिनो पेमेंट्स बैंक के सात और एनएसडीएल पेमेंट्स बैंक के दो एटीएम कार्ड मिलने की जानकारी दी गई है.

दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया.