कोंडागांव पुलिस ने उड़ीसा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जा रहे एक कथित अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार करने का दावा किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से 17.005 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8.50 लाख रुपये है. कार्रवाई में बाइक, मोबाइल और नकदी समेत कुल 9,30,590 रुपये की संपत्ति जब्त की गई.

पुलिस के मुताबिक, 28 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति काले रंग की Glamour X मोटरसाइकिल से उड़ीसा से कोंडागांव होते हुए उत्तर प्रदेश जा रहा है. सूचना के आधार पर बायपास रोड स्थित कोकोड़ी चौक के पास घेराबंदी की गई. पुलिस ने संदिग्ध बाइक को रोकने का प्रयास किया तो सवार भागने लगा. पीछा कर घेराबंदी के बाद उसे पकड़ लिया गया.

पुलिस ने आरोपी की पहचान शैलेन्द्र सिंह (30) के रूप में बताई है. वह ग्राम कपलापुर, पोस्ट अकबरपुर, जिला कानपुर देहात, उत्तर प्रदेश का निवासी बताया गया है. तलाशी के दौरान बाइक में रखे बैग से सेलो टेप में लिपटे गांजे के पांच पैकेट बरामद किए गए.

जब्ती में करीब 8.50 लाख रुपये का गांजा, 70 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल, लगभग 10 हजार रुपये का Samsung मोबाइल और 590 रुपये नकद शामिल हैं.

इस मामले में थाना कोंडागांव में अपराध क्रमांक 377/2026 के तहत NDPS Act की धारा 20(बी) में प्रकरण दर्ज किया गया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी को 28 नवंबर को दोपहर 1:05 बजे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.

कार्रवाई में निरीक्षक विकास बघेल, उपनिरीक्षक राजकुमार कोमरा, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक रश्मि मिंज समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे.