कोंडागांव जिले में सड़क दुर्घटना में भारतीय सेना के जवान सुंदरलाल नेताम के निधन के बाद उनके परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है. दिवंगत जवान के सम्मान में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, कोंडागांव के पदाधिकारी और सदस्य उनके गृहग्राम पल्ली शामपुर पहुंचे.
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों ने तिरंगे के साथ सुंदरलाल नेताम को नमन किया और सलामी दी. उपस्थित लोगों ने सैन्य सेवा के दौरान उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए.
2017 में सेना में भर्ती हुए थे
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सुंदरलाल नेताम वर्ष 2017 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे. उन्होंने सेना में सेवाएं दीं. उनके असामयिक निधन से परिवार, ग्रामीणों और पूर्व सैनिक समाज में दुख है.
कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिक सेवा परिषद के सदस्यों ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया. परिषद की ओर से दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया गया.
इस मौके पर परिषद के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा, जिला अध्यक्ष सूरज यादव, सह सचिव रवि ठाकुर, फरसगांव ब्लॉक सचिव रिकेश कुमार कुंवर, सदस्य रतिराम शोरी और ढालेश साहू समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. सभी ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और दिवंगत जवान की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.
