जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद CRPF ने ड्यूटी पर तैनात जवानों की सुरक्षा को लेकर नए निर्देश जारी किए हैं. उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार, ड्यूटी के दौरान जवानों के लिए बुलेटप्रूफ जैकेट और हेलमेट पहनना अनिवार्य किया गया है. मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर भी रोक रहेगी. केवल कमांडर जरूरी सरकारी काम के लिए मोबाइल का उपयोग कर सकेंगे.

कुलगाम में 11 नवंबर को हुए हमले में CRPF के तीन जवान घायल हुए थे. इसके बाद CRPF महानिदेशक जीपी सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. सभी कंपनी कमांडरों को जांच नाकों पर सुरक्षा बढ़ाने और पर्याप्त संख्या में जवानों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है.

निर्देशों के तहत जवानों को गोलीबारी से बचाने के लिए बुलेटप्रूफ सुरक्षा चौकियां तैयार करने और शाम व रात के समय पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने को कहा गया है.

हमले की जांच और आतंकियों की तलाश

रिपोर्ट के मुताबिक, हमले में शामिल उमर निसार डार ने लश्कर कमांडर मोहम्मद लतीफ भट को करीब छह महीने तक पनाह दी थी. दोनों ने हमले से पहले कई इलाकों की रेकी की थी. सोमवार को हुई मुठभेड़ में उमर निसार डार मारा गया, जबकि लतीफ भट के फरार होने की बात सामने आई. मंगलवार को ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद से उसकी तलाश जारी थी.

सुरक्षा एजेंसियों के सामने आए CCTV फुटेज में दोनों आतंकियों को CRPF कैंप की ओर जाते हुए दिखाया गया है. रिपोर्ट के अनुसार, 56 सेकेंड के फुटेज में दोनों टैक्सी से उतरकर कैंप की दिशा में जाते नजर आए.