जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बुधवार को CRPF नाका पार्टी पर हुए हमले के पीछे सुरक्षा एजेंसियों को लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकवादी मोहम्मद लतीफ भट उर्फ अब्दुल लतीफ भट का हाथ होने का संदेह है. अधिकारियों के अनुसार, हमलावरों ने बाइक से पहुंचकर अखरन इलाके में CRPF कर्मियों पर गोलीबारी की और मौके से फरार हो गए.

हमले में तीन CRPF जवान घायल हुए. उन्हें इलाज के लिए अनंतनाग के अस्पताल ले जाया गया. अधिकारियों के मुताबिक, घायलों में से एक जवान ने चोट लगने के बावजूद जवाबी फायरिंग की, जिसके बाद हमलावर पीछे हट गए. हमले के बाद इलाके में घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया गया.

सुरक्षा एजेंसियां इस घटना को पहले सामने आए ‘शूट-एंड-स्कूट’ हमलों के तरीके से जोड़कर देख रही हैं. जांच में हमले के दौरान इस्तेमाल किए गए कारतूसों और पिछले आतंकी मामलों से जुड़े सुरागों का मिलान किया जा रहा है.

लतीफ भट को The Resistance Front (TRF) से जुड़ा बताया जाता है. एजेंसियों के अनुसार, TRF लश्कर-ए-तैयबा का प्रॉक्सी संगठन है. भट और लश्कर कमांडर जाकिर गनई के एक मुठभेड़ में सुरक्षा बलों से घिरने के बाद TRF के सामने आने की बात सामने आई थी.

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने हाल में भट समेत वांछित आतंकवादियों के पोस्टर लगाए थे. पुलिस ने लोगों से उसकी मौजूदगी या गतिविधियों से जुड़ी विश्वसनीय जानकारी साझा करने की अपील की है. हालांकि, कुलगाम हमले में उसकी भूमिका की अंतिम पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी.