जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार दोपहर CRPF के एक नाके पर गोलीबारी में तीन जवान घायल हो गए. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल पर आए अज्ञात हमलावरों ने नाके पर तैनात जवानों को निशाना बनाया और फायरिंग के बाद मौके से फरार हो गए. घटना करीब 2:15 बजे की बताई गई है.
घायल जवानों को इलाज के लिए अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) में भर्ती कराया गया है. राकेश दास के पैर में गोली लगी है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है. संतोष चंद्रू के पेट और रीढ़ की हड्डी में गोली लगी है. उनकी हालत गंभीर बताई गई है और उनका ऑपरेशन किया जा रहा है. सोमवीर सिंह के बाएं हाथ में गोली लगी है; उनकी स्थिति भी स्थिर बताई गई है.
CRPF जवानों ने हमले के बाद जवाबी कार्रवाई की. सूचना मिलने पर क्विक रिएक्शन टीमें मौके पर पहुंचीं और सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी. हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है.
हमला स्थल नेशनल हाईवे से करीब चार किलोमीटर दूर बताया गया है. घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. शुरुआती जानकारी में दो जवानों के घायल होने की बात सामने आई थी, लेकिन बाद में घायलों की संख्या तीन बताई गई.
