जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में CRPF पोस्ट पर 11 नवंबर को हुई फायरिंग से पहले की रेकी का CCTV फुटेज सामने आया है. फुटेज में मोहम्मद लतीफ भट और उमर निसार डार एक टैक्सी से उतरकर CRPF कैंप की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दोनों ने नौपोरा अखरान में पोस्ट पर फायरिंग की थी, जिसमें तीन जवान घायल हुए थे.
56 सेकेंड के इस फुटेज में पहले लतीफ और उसके बाद उमर टैक्सी से उतरता दिखता है. दोनों के कैंप की ओर बढ़ने की एक तस्वीर भी सामने आने की बात कही गई है. सुरक्षा एजेंसियों ने 10 और 11 नवंबर के CCTV फुटेज की जांच के दौरान दोनों की कई स्थानों पर आवाजाही और हमले के बाद भागने के दृश्य देखे.
चार स्थानों पर रेकी का दावा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उमर और लतीफ ने हमले से पहले मीर बाजार, अखरन, हबलीश और कुलगाम में रेकी की थी. 10 नवंबर को दोनों की इन इलाकों में आवाजाही दर्ज होने की बात सामने आई है. अगले दिन अखरन में CRPF नाके पर फायरिंग के बाद दोनों मौके से फरार हो गए.
जांच में यह भी सामने आने का दावा है कि उमर पिछले पांच से छह महीने से लतीफ को पनाह और अन्य मदद दे रहा था. उमर के लापता होने के बाद उसके परिवार ने कुलगाम पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. रिपोर्ट के अनुसार, हमले के तुरंत बाद उमर के TRF में शामिल होने की जानकारी भी जांच में मिली.
15 से ज्यादा गांवों में तलाशी
हमले के बाद लारू इलाके में सुरक्षा बलों ने उमर और लतीफ को घेरा. इसके बाद हुई मुठभेड़ में उमर निसार डार के मारे जाने की जानकारी है. लतीफ के बारे में पहले उसके मारे जाने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में उसके पैर में गोली लगने और उसके फरार होने की जानकारी सामने आई. उसकी तलाश जारी है.
सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF की संयुक्त टीमें कुलगाम के 15 से ज्यादा गांवों में तलाशी अभियान चला रही हैं. घरों, कमरों, बगीचों और घनी झाड़ियों की जांच के साथ ड्रोन, खोजी कुत्तों और मेटल डिटेक्टरों की मदद ली जा रही है. अधिकारियों के मुताबिक, 600 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की गई है और कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है.
