जम्मू-कश्मीर के दक्षिण कश्मीर स्थित कुलगाम जिले में बुधवार तड़के सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू होने की सूचना है. आतंकियों की मौजूदगी के इनपुट के बाद इलाके में बड़े पैमाने पर तलाशी और आतंकवाद विरोधी अभियान चलाया जा रहा है. अभियान में जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और CRPF के जवान शामिल हैं.

सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि लश्कर-ए-तैयबा का वांछित कमांडर लतीफ भट्ट इलाके में छिपा हो सकता है. उसकी तलाश में सुरक्षाबलों ने क्षेत्र की घेराबंदी की है. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, मुठभेड़ में किसी आतंकी के मारे जाने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.

CRPF हमले से पहले रेकी का दावा

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, 10 नवंबर को लतीफ भट्ट और उमर निसार डार ने कुलगाम के मीर बाजार, अखरान, हबलिश और किलम इलाकों की रेकी की थी. एजेंसियों ने CCTV फुटेज के आधार पर दावा किया कि दोनों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए संभावित ठिकानों की पहचान की थी. 10 और 11 नवंबर की फुटेज में उनकी गतिविधियां और हमले के बाद भागने की तस्वीरें सामने आने की बात कही गई है.

एजेंसियों के मुताबिक, 11 नवंबर को अखरान में CRPF के नाके पर हमला किया गया था. जांच में उमर निसार डार पर लतीफ भट्ट को कई महीनों तक पनाह और अन्य मदद देने का दावा किया गया है.

लारू मुठभेड़ के बाद भट्ट की तलाश

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, 16 नवंबर को कुलगाम के लारू इलाके में उमर निसार डार और लतीफ भट्ट को घेरा गया था. मुठभेड़ में उमर निसार डार मारा गया, जबकि लतीफ भट्ट के वहां से निकल जाने की बात कही गई है. अब कुलगाम में चल रहा अभियान उसकी तलाश पर केंद्रित है.