जशपुर जिले के कुनकुरी शहर में रविवार सुबह जंगल से भटका एक लोनर हाथी पहुंच गया. झुंड से अलग हुआ यह नर हाथी सबसे पहले महागिरजा घर परिसर में दाखिल हुआ. उस समय श्रद्धालु प्रार्थना सभा के लिए पहुंच रहे थे. हाथी को परिसर में देखकर लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई श्रद्धालु खुद को सुरक्षित रखने के लिए प्रार्थना सभागार के अंदर चले गए.
कुछ देर बाद हाथी पास स्थित होली क्रॉस अस्पताल परिसर में पहुंचा. वहां उसने बाउंड्रीवॉल को क्षतिग्रस्त कर दिया. इसके बाद वह जयस्तंभ चौक के पास तक गया, जहां उसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई. बाद में हाथी वन विभाग की नर्सरी की ओर चला गया. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, घटना में किसी व्यक्ति की जनहानि नहीं हुई है.
कुनकुरी रेंजर सुरेंद्र होता के मुताबिक, हाथी लोटापानी के जंगल से निकलकर घुमाडांड़ होते हुए शहर में आया. वह चर्च, लोयला कॉलेज और अस्पताल परिसर से गुजरने के बाद नर्सरी की ओर गया. वन विभाग उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहा है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी पिछले कुछ दिनों से कुनकुरी के आसपास के ग्रामीण इलाकों में घूम रहा था. वन विभाग ने लोगों से हाथी के पास जाकर वीडियो नहीं बनाने, उसे घेरने या पीछा करने से मना किया है. विभाग ने अपील की है कि हाथी दिखाई देने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखें और इसकी सूचना वन विभाग को दें.
जशपुर जिले के आठ में से पांच विकासखंड हाथियों की आवाजाही से प्रभावित बताए जाते हैं. दुलदुला, कुनकुरी और तपकरा वन परिक्षेत्रों में हाथियों की गतिविधियां अधिक रहती हैं. वन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 2024 में हाथियों के हमले में 14, 2025 में 10 और जनवरी से सितंबर 2026 तक दो लोगों की मौत हुई.
