मध्य प्रदेश के श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क में भारत में जन्मे और बोत्सवाना से लाए गए दो नर चीतों के बीच असामान्य रूप से सहज व्यवहार देखा गया है. 16 महीने का KNG-23 और दो साल का CCB-4 एक-दूसरे की मौजूदगी में शांत नजर आ रहे हैं. दोनों के बीच आक्रामकता या एक-दूसरे को भगाने की कोशिश नहीं देखी गई.
सबसे खास बात यह है कि दोनों चीते शांतिपूर्वक भोजन भी साझा कर रहे हैं. KNG-23 भारत में जन्मा है, जबकि CCB-4 को 28 फरवरी 2026 को बोत्सवाना से भारत लाया गया था. दोनों न तो भाई हैं और न ही साथ पले-बढ़े हैं.
बाड़े में हुई मुलाकात
इस संबंध की शुरुआत 30 मई 2026 के आसपास हुई. मादा चीता निर्वा और उसके शावकों को मार्च में खुले जंगल में छोड़े जाने के बाद KNG-23 अपनी मां, एक भाई और एक बहन से अलग हो गया था. खुले जंगल में रहने के दौरान वह घायल भी हुआ और इलाज के लिए उसे वापस बाड़े में लाया गया. उसी बाड़े में पहले से CCB-4 मौजूद था.
CCB-4 की दोनों बहनों को इससे पहले खुले जंगल में छोड़ा जा चुका था, इसलिए वह भी उस समय अकेला था. इसके बाद दोनों नर चीतों को साथ देखा गया.
कूनो प्रबंधन के अधिकारियों के मुताबिक, यदि यह संबंध आगे चलकर स्थिर गठबंधन में बदलता है तो यह प्रोजेक्ट चीता के लिए महत्वपूर्ण घटनाओं में शामिल हो सकता है. अधिकारियों ने यह भी कहा है कि अलग-अलग देशों से आए असंबंधित नर चीतों के बीच इस तरह के गठबंधन का यह पहला मामला हो सकता है.
कूनो में 49 चीते
प्रोजेक्ट चीता के फील्ड डायरेक्टर उत्तम कुमार शर्मा के अनुसार, कूनो में कुल 49 चीते हैं. इनमें 17 खुले जंगल में हैं—10 नर और 7 मादा. 32 चीते सॉफ्ट रिलीज बाड़ों में हैं, जिनमें 5 नर, 8 मादा और एक साल से कम उम्र के 19 शावक शामिल हैं.
