हरियाणा का कुरुक्षेत्र जिला तकनीकी और व्यावसायिक प्रशिक्षण के बड़े केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा. PM-SETU योजना के तहत कुरुक्षेत्र ITI क्लस्टर की सात सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के आधुनिकीकरण के लिए 320 करोड़ रुपये की रणनीतिक निवेश योजना को मंजूरी मिली है.
इस क्लस्टर में राजकीय ITI कुरुक्षेत्र को हब बनाया जाएगा. इसके साथ राजकीय महिला ITI कुरुक्षेत्र, राजकीय ITI कैथल, राजकीय महिला ITI कैथल, राजकीय ITI पिहोवा, राजकीय ITI पबनावा और राजकीय महिला ITI अंबाला सिटी को जोड़ा जाएगा.
उद्योग-केंद्रित प्रशिक्षण पर जोर
परियोजना के तहत संस्थानों की कार्यशालाओं, प्रयोगशालाओं और प्रशिक्षण सुविधाओं को आधुनिक बनाने की योजना है. पाठ्यक्रमों को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप तैयार करने, अप्रेंटिसशिप और रोजगार से जोड़ने पर भी जोर रहेगा.
कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के अनुसार, इस क्लस्टर में जिंदल नवीन अवसर लिमिटेड उद्योग भागीदार के रूप में काम करेगा. हब-एंड-स्पोक मॉडल के जरिए कुरुक्षेत्र मुख्य संस्थान के रूप में अन्य छह ITI को तकनीकी और प्रशिक्षण सहयोग देगा.
