लद्दाख प्रशासन ने दूरदराज के गांवों तक आपात चिकित्सा पहुंचाने के लिए 73 एंबुलेंस की सेवा शुरू की है. ‘लद्दाख संजीवनी सेवा’ के तहत केंद्र शासित प्रदेश के सभी 248 गांवों को निकटतम स्वास्थ्य केंद्रों से जोड़ने की योजना है. सेवा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी.

अधिकारियों के अनुसार, एंबुलेंसों को उन गांवों से औसतन 13 किलोमीटर की दूरी पर तैनात किया जाएगा, जहां वे सेवा देंगी. लद्दाख में बिखरी बस्तियां, लंबी दूरी, ऊंचाई, कठिन भौगोलिक परिस्थितियां और सर्दियों का अत्यधिक ठंडा मौसम आपात स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच को चुनौतीपूर्ण बनाते हैं.

सेवा में मातृ स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया गया है. प्रशासन के मुताबिक, गांव-गांव सर्वेक्षण के बाद लद्दाख की 1,100 से अधिक गर्भवती महिलाओं का विवरण केंद्रीय डेटाबेस में दर्ज किया गया है. उनके संभावित प्रसव की तारीखों के आधार पर संबंधित क्षेत्रों के लिए एंबुलेंस और चालक की व्यवस्था की गई है.

यह नेटवर्क कैंसर, किडनी, हृदय रोग, स्ट्रोक और गंभीर फेफड़ों की बीमारी से जूझ रहे मरीजों के लिए भी चिकित्सा परिवहन उपलब्ध कराएगा. लद्दाख के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने सेवा को दूरदराज के लोगों के लिए नई जीवनरेखा बताया और कहा कि दूरी या परिवहन की कमी के कारण किसी नागरिक को समय पर इलाज से वंचित नहीं होना चाहिए.