लद्दाख में संघ राज्य क्षेत्र बनने के बाद पहली बार पंचायत और नगर निकाय चुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है. लद्दाख को अगस्त 2019 में जम्मू-कश्मीर से अलग कर संघ राज्य क्षेत्र बनाया गया था. इससे पहले क्षेत्र में पंचायत चुनाव नवंबर 2018 में हुए थे.
मतदान पंचायत हलकों के साथ लेह और कर्गिल नगर परिषदों के लिए कराया जा रहा है. अधिकारियों के अनुसार, मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा. कड़ाके की ठंड और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए सुरक्षा तथा मतदान व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है.
लद्दाख प्रशासन के अनुसार, 192 पंचायत हलकों में 55 सरपंच निर्विरोध चुने जा चुके हैं, जबकि बाकी 137 पदों के लिए मतदान होना है. पंचायत सदस्य की 1,428 सीटों में से 1,186 उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं.
लेह नगर परिषद के सभी 21 वार्डों में चुनाव हो रहा है. कर्गिल नगर परिषद के 17 वार्डों में चार वार्डों में प्रतिनिधि निर्विरोध चुने जा चुके हैं. इन चुनावों को क्षेत्र में जमीनी स्तर की निर्वाचित संस्थाओं को फिर सक्रिय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
