लद्दाख के राजनीतिक समूहों ने केंद्र के साथ बातचीत में प्रगति के बीच सप्ताहभर का प्रस्तावित विरोध मार्च वापस ले लिया है. यह मार्च पिछले वर्ष 24 सितंबर को हुई हिंसा में चार लोगों की मौत की पहली बरसी के आसपास आयोजित किया जाना था.

अब 23 सितंबर को लेह में करीब 20 किलोमीटर का प्रतीकात्मक मार्च और करगिल में रैली आयोजित की जाएगी. लेह एपेक्स बॉडी के सदस्य सोनम वांगचुक ने कहा कि ठंडी रातों वाले मौजूदा मौसम और राजनीतिक माहौल में आई कुछ नरमी को देखते हुए कार्यक्रम को प्रतीकात्मक रूप दिया गया है. 24 सितंबर को शहीद दिवस कार्यक्रम प्रस्तावित है.

करगिल डेमोक्रेटिक अलायंस के सह-अध्यक्ष सज्जाद करगिली ने बताया कि करगिल से लेह तक शुरू होने वाला मार्च रद्द कर दिया गया है.

केंद्र और लद्दाख नेतृत्व के बीच क्षेत्र के लिए संवैधानिक सुरक्षा और शासन व्यवस्था को लेकर बातचीत जारी है. पिछले वर्ष की हिंसा के बाद राज्य का दर्जा, संवैधानिक संरक्षण और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दे आंदोलन के केंद्र में रहे हैं.