लद्दाख प्रशासन ने पिछले एक दशक में करीब 70% सिकुड़ी त्सो कार झील को पुनर्जीवित करने के लिए ग्लेशियर के पानी को उसकी ओर मोड़ने की परियोजना शुरू की है. योजना के तहत चांगथांग क्षेत्र में 18,000 फीट से अधिक ऊंचाई पर बहने वाली रूपशो खरनाक धारा का पानी झील तक पहुंचाया जाएगा.

प्रशासन के अनुसार, गर्मियों में इस धारा से औसतन 132 क्यूसेक, यानी करीब 32 करोड़ लीटर पानी प्रतिदिन मिलने की संभावना है. धारा झील से लगभग 11 किलोमीटर दूर है. पानी को पहले 270 एकड़, फिर 24 एकड़ और 10 एकड़ क्षेत्रफल वाले तीन प्राकृतिक गड्ढों से गुजारा जाएगा. इन स्थानों पर जलस्तर और प्रवाह नियंत्रित करने के लिए चेक डैम और आरसीसी पाइप लगाए जाएंगे. तीसरे जलाशय से पानी त्सो कार झील तक पहुंचाया जाएगा, जो वहां से करीब 400 मीटर दूर है.

पर्यावरणीय प्रभाव कम रखने के लिए प्रशासन ने पूरी आरसीसी नहर बनाने के बजाय शुरुआती हिस्से में साधारण मिट्टी की नहर का विकल्प चुना है. झील के सिकुड़ने से आसपास के चरागाह घटे हैं और पश्मीना बकरी पालकों को दूर जाना पड़ रहा है. प्रशासन को उम्मीद है कि झील और घासभूमि के पुनर्जीवन से स्थानीय आजीविका तथा पक्षियों के आवास को लाभ मिलेगा.