उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में भारी बारिश, जलभराव और शारदा नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका के बीच बुधवार, 2 सितंबर को कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे. जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार तिवारी ने मंगलवार शाम इस संबंध में आदेश जारी किया.

यह अवकाश जिले के परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य बोर्ड से संचालित हिंदी व अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों पर लागू होगा. आदेश के अनुसार, कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए बुधवार को विद्यालयों में शिक्षण कार्य नहीं होगा.

शिक्षकों को विद्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश

स्कूलों में विद्यार्थियों की छुट्टी रहेगी, लेकिन शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को विद्यालय में उपस्थित रहना होगा. उन्हें ऑपरेशन कायाकल्प, डीबीटी, यू-डायस और अन्य विभागीय कार्यों का निपटारा करने के निर्देश दिए गए हैं.

शारदा नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की चिंता

स्रोत के अनुसार, बनबसा बैराज से मंगलवार शाम करीब 5 बजे शारदा नदी में 1.91 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया. शाम 6 बजे तक बैराज का डिस्चार्ज 1,87,232 क्यूसेक दर्ज किया गया. पलिया में नदी का जलस्तर 154.120 सेंटीमीटर था, जबकि खतरे का निशान 154.590 सेंटीमीटर बताया गया.

जलस्तर बढ़ने की आशंका से पलिया-भीरा और निघासन क्षेत्र के तटवर्ती इलाकों में बाढ़, जलभराव और कटान का खतरा बढ़ गया है. निघासन तहसील के ग्रंट नंबर 12, रंडौहा, दौलतापुर, खमरिया, बैलहा, लालपुर और लुधौरी समेत आसपास के मजरों में जलभराव की आशंका जताई गई है.

मैलानी-नानपारा रेलखंड पर भी असर

भारी बारिश के बाद जिले के कई ग्रामीण इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी. शारदा नदी का पानी बढ़ने से मैलानी-नानपारा रेलखंड पर भी असर पड़ा है. भीरा और पलिया के बीच रेलवे लाइन के नीचे पानी के रिसाव के कारण रेल सेवाएं बाधित हुई हैं. रेलवे विभाग ने मौके पर निगरानी बढ़ाई है.

प्रशासन ने नदी किनारे बसे गांवों में अलर्ट जारी किया है. ग्रामीणों से नदी के पास नहीं जाने और जलस्तर बढ़ने पर सुरक्षित स्थानों की ओर जाने की अपील की गई है. जरूरत पड़ने पर राहत और बचाव की व्यवस्था किए जाने की बात कही गई है.