हरियाणा के सिरसा निवासी 85 वर्षीय पूर्व सैनिक लाल चंद गोदारा ने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) से मास्टर ऑफ आर्ट्स की डिग्री पूरी कर ली है. अब वह पीएचडी या कानून की पढ़ाई करने की इच्छा रखते हैं.
गोदारा के बेटे डॉ. साहिब राम गोदारा ने बताया कि उनके पिता ने इससे पहले 2023 में स्नातक की पढ़ाई भी पूरी की थी. परिवार के अनुसार, गोदारा ने 76 वर्ष की उम्र में दोबारा किताबों की ओर रुख किया था.
पोते-पोतियों के सवालों से लौटी पढ़ने की रुचि
साहिब राम गोदारा के मुताबिक, उनके पिता को युवावस्था से ही पुस्तकों में रुचि थी और वह डायरी भी लिखते थे. लेकिन जीवन की परिस्थितियों के कारण वह अपनी पढ़ाई उस तरह आगे नहीं बढ़ा सके, जैसा चाहते थे.
परिवार का कहना है कि छोटे बेटे के बच्चों के सवालों ने गोदारा की पढ़ने की इच्छा फिर जगाई. इसके बाद उन्होंने औपचारिक शिक्षा दोबारा शुरू की और स्नातक के बाद अब मास्टर डिग्री भी पूरी कर ली.
सेना और परिवहन विभाग में किया काम
गोदारा 20 वर्ष की आयु पूरी करने से पहले सेना में शामिल हो गए थे. सैन्य सेवा के बाद उन्होंने हरियाणा परिवहन विभाग में यार्ड मास्टर के रूप में काम किया. वर्ष 2002 में सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने खेलों में भी हिस्सा लिया.
उन्होंने मास्टर्स एथलेटिक्स की प्रतियोगिताओं में भाग लिया और हरियाणा मास्टर्स एथलेटिक्स सहित अन्य आयोजनों में पदक जीते.
मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद गोदारा का अगला लक्ष्य पीएचडी अथवा कानून की डिग्री है. उनका कहना है कि सीखने की इच्छा किसी उम्र में रुकनी नहीं चाहिए और शिक्षा सोच का दायरा बढ़ाती है.
