पाकिस्तान का एयरस्पेस बंद होने के बाद भारत यूरोप, ब्रिटेन और उत्तरी अमेरिका जाने वाली उड़ानों के लिए वैकल्पिक मार्ग तलाश रहा है. इसी सिलसिले में भारत और चीन के बीच शिनजियांग के होतान के रास्ते नया एयर रूट शुरू करने को लेकर बातचीत जारी है.

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू के अनुसार, प्रस्तावित रूट में दिल्ली और मुंबई से जाने वाली उड़ानें पहले लेह पहुंचेंगी. इसके बाद विमान चीनी एयरस्पेस में प्रवेश कर किर्गिस्तान के रास्ते पश्चिमी देशों के लिए इस्तेमाल होने वाले मौजूदा हवाई मार्ग से जुड़ सकेंगे. मंत्री ने बातचीत जारी रहने की बात कही है, लेकिन रूट शुरू होने की कोई समयसीमा नहीं बताई.

लंबे रूट से उड़ान समय और लागत बढ़ी

पाकिस्तान का एयरस्पेस करीब 17 महीने से बंद है. इसके बाद भारतीय विमानों को यूरोप और उत्तरी अमेरिका जाने के लिए अरब सागर और मस्कट की ओर से लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है. इससे उड़ान का समय लगभग 45 मिनट से दो घंटे तक बढ़ गया है.

एयरस्पेस बंद होने से पहले रोजाना करीब 100 से 150 भारतीय विमान पाकिस्तान के ऊपर से गुजरते थे. इसके मुकाबले भारतीय एयरस्पेस से पाकिस्तान की सरकारी एयरलाइन PIA की लगभग छह उड़ानें हर सप्ताह गुजरती थीं.

इस बदलाव का असर खास तौर पर एयर इंडिया की लंबी दूरी की उड़ानों पर पड़ा है. एयर इंडिया दिल्ली और मुंबई से पश्चिमी देशों के लिए बड़ी संख्या में उड़ानें संचालित करती है. एयरलाइन के पूर्व CEO कैंपबेल विल्सन ने 2025 में अनुमान लगाया था कि पाकिस्तान का एयरस्पेस बंद रहने से एयर इंडिया को करीब 4,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ.