स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने लेवोनॉरजेस्ट्रेल वाली ‘मॉर्निंग-आफ्टर’ या आपातकालीन गर्भनिरोधक गोलियों के लेबल में बदलाव का प्रस्ताव रखा है. Drugs Rules, 1945 में संशोधन के मसौदे के अनुसार इन गोलियों पर चार प्रमुख बॉक्स चेतावनियां दी जा सकती हैं.
प्रस्तावित चेतावनियों में स्पष्ट करना होगा कि ये गोलियां केवल आपातकालीन इस्तेमाल के लिए हैं और नियमित गर्भनिरोधक का विकल्प नहीं हैं. लेबल पर यह भी लिखा जाएगा कि ये गर्भपात की गोलियां नहीं हैं और HIV या अन्य यौन संचारित संक्रमणों से सुरक्षा नहीं देतीं.
मसौदे में लगातार या बार-बार इस्तेमाल से होने वाले संभावित दुष्प्रभावों के बारे में भी सावधान करने का प्रस्ताव है. नियमित गर्भनिरोध की जरूरत वाले लोगों को स्वास्थ्य केंद्र या पंजीकृत चिकित्सा विशेषज्ञ से सलाह लेने की बात पैकेजिंग पर शामिल की जा सकती है.
प्रस्ताव 0.75 mg और 1.5 mg लेवोनॉरजेस्ट्रेल टैबलेट से जुड़ा है. इन चेतावनियों को दवा की पैकेजिंग और पैकेज इंसर्ट—दोनों पर प्रमुखता से दर्ज करना प्रस्तावित है. मसौदे में इन टैबलेट को Drugs Rules की Schedule K में अलग प्रविष्टि के रूप में शामिल करने और बिक्री-लाइसेंस से छूट से जुड़ी शर्तें तय करने की बात भी कही गई है.
स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. मेघा तिवारी के अनुसार, उचित इस्तेमाल होने पर आपातकालीन गर्भनिरोधक महत्वपूर्ण और सुरक्षित विकल्प हो सकते हैं. हालांकि, बार-बार लेने से मासिक चक्र में अस्थायी बदलाव, अनियमित रक्तस्राव, मितली या पीरियड में देरी को लेकर चिंता हो सकती है.
उन्होंने यह भी कहा कि प्रस्तावित चेतावनियों का उद्देश्य डर पैदा करना नहीं, बल्कि इस दवा की सही भूमिका स्पष्ट करना है.
ये बदलाव अभी अनिवार्य नहीं हुए हैं. अधिसूचना फिलहाल मसौदा है और इस पर 30 दिन तक आपत्तियां व सुझाव आमंत्रित किए गए हैं.
