भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) ने अपने 70वें स्थापना दिवस के मौके पर दो नई बीमा योजनाएं पेश की हैं. ‘बीमा प्लैटिनम’ और ‘जीवन रक्षा’ नाम वाले ये दोनों प्लान नॉन-लिंक्ड और नॉन-पार्टिसिपेटिंग श्रेणी में आते हैं. यानी इनके लाभ शेयर बाजार के प्रदर्शन या बोनस से जुड़े नहीं होंगे.
एलआईसी के मुताबिक, दोनों योजनाएं 7 सितंबर 2026 से ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से उपलब्ध होंगी. ग्राहक इन्हें एलआईसी की वेबसाइट, शाखाओं और एजेंट नेटवर्क के जरिये ले सकेंगे.
बीमा प्लैटिनम में बचत और सुरक्षा का संयोजन
‘बीमा प्लैटिनम’ एक लिमिटेड-प्रीमियम सेविंग्स और प्रोटेक्शन प्लान है. इसमें पॉलिसीधारक को जीवन बीमा कवर के साथ तय भुगतान का लाभ देने की बात कही गई है. योजना के तहत प्रीमियम भुगतान की अवधि के दौरान हर साल 1,000 रुपये के वार्षिक प्रीमियम पर 70 रुपये का गारंटीड एडिशनल पॉलिसी में जोड़ा जाएगा.
प्रीमियम भुगतान अवधि पूरी होने के पांचवें साल के अंत में बेसिक सम एश्योर्ड का 70 फीसदी एकमुश्त बूस्टर इनकम के रूप में दिए जाने का प्रावधान है. इसके बाद पेआउट अवधि में हर साल बेसिक सम एश्योर्ड का 10 फीसदी रेगुलर इनकम के तौर पर मिलने की जानकारी दी गई है.
इस प्लान में प्रीमियम भुगतान के लिए 7, 10, 12, 15 और 18 साल के विकल्प उपलब्ध हैं. न्यूनतम बेसिक सम एश्योर्ड 3 लाख रुपये है. इसमें प्रवेश की न्यूनतम उम्र 30 दिन के बच्चे से लेकर अधिकतम 55 साल तक बताई गई है.
जीवन रक्षा केवल डेथ बेनिफिट पर केंद्रित
‘जीवन रक्षा’ को प्योर रिस्क प्लान के तौर पर पेश किया गया है. इसका उद्देश्य कम प्रीमियम में पॉलिसीधारक के परिवार को वित्तीय सुरक्षा देना है. पॉलिसीधारक की मृत्यु होने पर नॉमिनी को गारंटीड डेथ बेनिफिट दिए जाने की बात कही गई है.
इस योजना में बोनस या मैच्योरिटी बेनिफिट शामिल नहीं है. प्रीमियम भुगतान के लिए सिंगल, रेगुलर और लिमिटेड—तीन विकल्प दिए गए हैं. प्लान के तहत न्यूनतम बेसिक सम एश्योर्ड 5 लाख रुपये और अधिकतम 24 लाख रुपये बताया गया है.
जीवन रक्षा में प्रवेश की उम्र 18 से 45 साल के बीच रखी गई है, जबकि अधिकतम मैच्योरिटी उम्र 60 साल है. एलआईसी के अनुसार, महिलाओं के लिए विशेष छूट और अधिक सम एश्योर्ड लेने वाले ग्राहकों के लिए रिबेट का प्रावधान भी है. इन लाभों की वास्तविक पात्रता और शर्तें पॉलिसी दस्तावेज में तय होंगी.
