नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी के 99वें जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं दीं. 8 नवंबर 1927 को जन्मे आडवाणी रविवार को अपने जीवन के 100वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं.

मोदी ने अपने लेख में कहा कि आडवाणी की दो विशेषताएं उन्हें अलग पहचान देती हैं—वैचारिक स्पष्टता और बौद्धिक तीक्ष्णता. प्रधानमंत्री के मुताबिक, आडवाणी के भाषणों और लेखन में यह स्पष्ट रूप से दिखाई देता था. उन्होंने कहा कि जनसंघ और भाजपा के वे प्रस्ताव, जिन्हें आडवाणी ने तैयार किया था, आज भी पढ़ने योग्य हैं.

मोदी ने यह भी कहा कि आडवाणी ने भारतीय राजनीति में लंबे समय तक प्रचलित ‘छद्म धर्मनिरपेक्षता’ को उजागर किया. उन्होंने आडवाणी और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की दशकों लंबी राजनीतिक साझेदारी को भी याद किया और कहा कि दोनों नेताओं ने प्रतिस्पर्धी बने बिना मिलकर काम किया.

प्रधानमंत्री ने आडवाणी के विभाजन के बाद जीवन को फिर से खड़ा करने, जनसंघ को मजबूत करने, भाजपा के निर्माण, आपातकाल के दौरान लोकतंत्र के पक्ष में खड़े होने और सोमनाथ से अयोध्या तक रथयात्रा में उनकी भूमिका का उल्लेख किया. उन्होंने आडवाणी की किताबों, संस्कृति और सिनेमा में रुचि को भी रेखांकित किया.