भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को शुक्रवार शाम दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उन्हें छाती में संक्रमण और सांस से जुड़ी समस्या की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया.

आडवाणी को अस्पताल के पल्मोनोलॉजी यानी श्वसन रोग विभाग में रखा गया है. डॉक्टरों की विशेषज्ञ टीम उनके स्वास्थ्य पर नजर रख रही है और जरूरी उपचार दिया जा रहा है. अस्पताल से जुड़े चिकित्सकीय सूत्रों के अनुसार, उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई गई है.

लालकृष्ण आडवाणी 98 वर्ष के हैं. उनका जन्म 8 नवंबर 1927 को कराची में हुआ था. वे अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में 2002 से 2004 के बीच उपप्रधानमंत्री रहे. इससे पहले और इसी अवधि में उन्होंने 1998 से 2004 तक राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार में गृह मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली. वे भाजपा के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे हैं.

आडवाणी ने 25 सितंबर 1990 को गुजरात के सोमनाथ से अयोध्या तक राम मंदिर आंदोलन से जुड़ी रथयात्रा शुरू की थी. हालांकि, 23 अक्टूबर 1990 को बिहार के समस्तीपुर में उनकी गिरफ्तारी के बाद यात्रा पूरी नहीं हो सकी. इस दौर ने भाजपा के राजनीतिक विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.