परिसीमन विधेयक पर चर्चा से पहले लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी (BJP) का एक सांसद बढ़ गया है. असम की नौगांव लोकसभा सीट से उपचुनाव जीतने वाले देवाशीष शर्मा ने रविवार शाम सांसद पद की शपथ ली.

लोकसभा सचिवालय के अनुसार, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संसद भवन स्थित अपने कक्ष में शर्मा को शपथ दिलाई. उन्हें सोमवार से शुरू होने वाले विशेष सत्र के पहले दिन सदन में शपथ लेनी थी, लेकिन उन्होंने उससे पहले ही सदस्यता की औपचारिकता पूरी कर ली.

कांग्रेस सांसद के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी सीट

नौगांव सीट कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी. बोरदोलोई 2019 से इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे थे. बाद में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर BJP में शामिल होने के बाद असम विधानसभा चुनाव में दिसपुर सीट से चुनाव लड़ा.

नौगांव लोकसभा सीट पर 6 अक्टूबर को हुए उपचुनाव में BJP ने देवाशीष शर्मा को उम्मीदवार बनाया था. जीत के बाद अब वे लोकसभा में नौगांव क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे.

शर्मा पहले भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी रह चुके हैं और नौगांव के उपायुक्त के तौर पर भी काम कर चुके हैं. ओम बिरला ने सोशल मीडिया मंच X पर शपथ ग्रहण की जानकारी साझा करते हुए नए सांसद को कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं. उन्होंने उम्मीद जताई कि शर्मा जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने में योगदान देंगे.