केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने लोकसभा के प्रस्तावित परिसीमन का राज्यवार खाका साझा किया है. प्रस्ताव के तहत निचले सदन की सदस्य संख्या 543 से बढ़कर 816 हो सकती है. यह मौजूदा संख्या के मुकाबले करीब 50 प्रतिशत की वृद्धि होगी. हालांकि, ये आंकड़े प्रस्तावित हैं और अंतिम परिसीमन तथा कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही प्रभावी होंगे.
प्रस्तावित बदलाव में उत्तर प्रदेश को सबसे अधिक सीटें मिलने की संभावना है. राज्य की लोकसभा सीटें 80 से बढ़कर 120 हो सकती हैं. महाराष्ट्र की सीटें 48 से बढ़कर 72, बिहार की 40 से 60, पश्चिम बंगाल की 42 से 63 और तमिलनाडु की 39 से 59 होने का अनुमान है. राजस्थान में सीटों की संख्या 25 से बढ़कर 38 और गुजरात में 26 से बढ़कर 39 हो सकती है.
कर्नाटक को 28 की जगह 42, केरल को 20 की जगह 30 और मध्य प्रदेश को 29 की जगह 43 सीटें मिलने का प्रस्ताव है. आंध्र प्रदेश की सीटें 25 से बढ़कर 38, ओडिशा की 21 से 31 और तेलंगाना की 17 से 26 हो सकती हैं.
पूर्वोत्तर राज्यों में भी प्रतिनिधित्व बढ़ाने का प्रस्ताव है. असम की सीटें 14 से 21, अरुणाचल प्रदेश की दो से तीन और मणिपुर, मेघालय तथा त्रिपुरा की दो से तीन हो सकती हैं. नागालैंड, मिजोरम और सिक्किम की सीटें एक से बढ़कर दो प्रस्तावित हैं.
केंद्रशासित प्रदेशों में भी बदलाव
दिल्ली की सीटें सात से बढ़कर 11 और जम्मू-कश्मीर की पांच से सात हो सकती हैं. चंडीगढ़ और पुडुचेरी को एक-एक की जगह दो-दो सीटें मिलने का प्रस्ताव है. वहीं लद्दाख, लक्षद्वीप, दादरा और नगर हवेली एवं दमन और दीव तथा अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह की सीटों में बदलाव प्रस्तावित नहीं है.
प्रस्तावित विधेयक में 2011 की जनगणना के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण और 2051 तक 1971 की जनसंख्या के आधार पर राज्यों के सापेक्ष प्रतिनिधित्व को बनाए रखने की बात कही गई है. इसमें लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण को 2029 के चुनाव से पहले लागू करने का प्रावधान भी बताया गया है.
