तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय का लंदन के शार्ड टावर के बाहर प्रस्तावित सार्वजनिक कार्यक्रम सुरक्षा संबंधी चिंताओं के चलते रद्द कर दिया गया. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने भीड़ की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी और कार्यक्रम के लिए अनुमति नहीं मिली थी.
कार्यक्रम स्थल पर विजय के कई प्रशंसक जुटे थे. कुछ लोग उनसे मिलने के लिए घंटों से इंतजार कर रहे थे. बाद में मुख्यमंत्री की टीम ने लाउडस्पीकर के जरिए कार्यक्रम रद्द होने की जानकारी दी. टीम के एक सदस्य ने सार्वजनिक सुरक्षा का हवाला देते हुए कहा कि पुलिस की अनुमति नहीं होने के कारण कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जा सकता.
कार्यक्रम रद्द होने के कुछ घंटे बाद टीवीके की आईटी विंग ने सोशल मीडिया मंच X पर समर्थकों से मुख्यमंत्री से मिलने की कोशिश न करने की अपील की. लोगों से विजय के होटल के प्रवेश द्वार या उनके संभावित यात्रा मार्ग पर इंतजार नहीं करने को भी कहा गया. अपील में सार्वजनिक सुरक्षा और लंदन मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अनुरोध का उल्लेख किया गया.
निवेश समझौतों पर भी रहा जोर
विजय तमिलनाडु में निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से राज्य प्रतिनिधिमंडल के साथ ब्रिटेन में हैं. उनके कार्यालय के अनुसार, यात्रा के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने करीब ₹12,300 करोड़ के निवेश से जुड़े कई समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए.
राज्य सरकार इन परियोजनाओं के जरिए तमिलनाडु को एशिया में उन्नत विनिर्माण और प्रौद्योगिकी के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना चाहती है. कार्यालय के मुताबिक, इन परियोजनाओं से राज्य में 9,400 से अधिक उच्च-कौशल वाली नौकरियां बनने की उम्मीद है.
रिपोर्ट के अनुसार, विजय की ब्रिटेन यात्रा बुधवार को समाप्त होनी थी और इसके बाद उन्हें भारत लौटना था.
