मुंगेली वनमंडल के लोरमी वन परिक्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान वन अमले के साथ कथित बदसलूकी और वाहन चढ़ाने के प्रयास का मामला सामने आया है. वन विभाग ने रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर चालक के खिलाफ वन अपराध का प्रकरण दर्ज किया है.
विभाग के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि भारतपुर परिसर के कक्ष क्रमांक 556 आरक्षित वन क्षेत्र में कन्हैया नाला बांध के पास रेत का अवैध उत्खनन कर व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए परिवहन किया जा रहा है. मुंगेली वनमंडलाधिकारी तन्मय कौशिक के निर्देश पर लोरमी उपवनमंडलाधिकारी दशरथ प्रकाश सूर्यवंशी और वन परिक्षेत्र अधिकारी जुही वर्मा के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची.
टीम ने दो पहियों वाली नीली ट्रॉली से जुड़ा ट्रैक्टर रोका. विभाग के मुताबिक, चालक रमेश यादव, निवासी ग्राम चेचानडीह, से रेत परिवहन से जुड़े दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका. आरोप है कि इसके बाद उसने महिला वन अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया तथा शासकीय कार्य में बाधा डालने की कोशिश की.
वन विभाग का आरोप है कि चालक ने वाहन खतरनाक तरीके से चलाकर अमले को कुचलने का प्रयास किया. टीम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली और रेत के अलावा अवैध उत्खनन में इस्तेमाल किए जा रहे तीन तसले और दो फावड़े भी जब्त किए. जब्त वाहन और वन उपज को उच्च तकनीकी केंद्रीय रोपणी, तुलसाघाट पहुंचाया गया.
विभाग ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है. जब्त वाहन और वन उपज के संबंध में राजसात की कार्रवाई का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है, जिसके लिए प्रकरण अधिकृत अधिकारी और लोरमी के उपवनमंडलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा.
