मुंगेली जिले के लोरमी वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है. विभाग ने ग्राम चेचानडीह निवासी रमेश यादव के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज किया है.
वन विभाग के अनुसार, वनमंडलाधिकारी मुंगेली तन्मय कौशिक को रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन की सूचना मिली थी. इसके बाद टीम ने भारतपुर परिसर के कक्ष क्रमांक 556 के आरक्षित वन क्षेत्र के पास कन्हैया नाला बांध के समीप दबिश दी. मौके पर रमेश यादव ट्रैक्टर-ट्रॉली से रेत ले जाते मिले.
टीम ने चालक से रेत परिवहन से जुड़े दस्तावेज और जानकारी मांगी. विभाग का आरोप है कि पूछताछ के दौरान चालक ने मौके पर मौजूद महिला वन अधिकारी और कर्मचारियों से अभद्र व्यवहार किया तथा शासकीय कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया. विभाग के मुताबिक, वह रेत परिवहन के संबंध में संतोषजनक जवाब और जरूरी दस्तावेज भी पेश नहीं कर सका.
कार्रवाई में सोनालिका कंपनी का नीले रंग का DI-35 ट्रैक्टर, दो चक्कों वाली नीली ट्रॉली में भरी रेत, तीन तसले और दो फावड़े जब्त किए गए. जब्त सामग्री को लोरमी वन परिक्षेत्र कार्यालय परिसर में रखा गया है.
वन विभाग ने वन अपराध प्रकरण क्रमांक 19809/13 दर्ज किया है. विभाग के अनुसार, जब्त वाहन और वन उपज को राजसात किए जाने योग्य पाए जाने पर अधिकृत अधिकारी एवं लोरमी के उपवनमंडलाधिकारी के समक्ष राजसात की कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजा गया है.
