1 अक्टूबर 2026 से सब्सिडी वाले घरेलू LPG रिफिल की बुकिंग के लिए बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन (BAA) पूरा होना जरूरी होगा. यह नियम पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने 19 सितंबर 2026 को जारी किया है.

मंत्रालय के मुताबिक, जिन उपभोक्ताओं का BAA पहले ही पूरा हो चुका है, उन्हें दोबारा कोई प्रक्रिया नहीं करनी होगी और वे पहले की तरह रिफिल बुक कर सकेंगे. 19 सितंबर तक 27.43 करोड़ सक्रिय घरेलू LPG उपभोक्ताओं का प्रमाणीकरण पूरा हो चुका था, जो कुल उपभोक्ताओं का 89.9 प्रतिशत है.

जिन लोगों का प्रमाणीकरण बाकी है, वे सिलेंडर डिलीवरी के समय डिलीवरीकर्मी की मदद से, LPG वितरक के शोरूम में या संबंधित तेल विपणन कंपनी के मोबाइल ऐप से यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं. Indane ग्राहक IndianOil ONE, Bharatgas ग्राहक HelloBPCL और HP Gas ग्राहक HP PAY ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं.

BAA पूरा न कराने वाले उपभोक्ता LPG ले सकेंगे, लेकिन उन्हें सब्सिडी वाला रिफिल नहीं मिलेगा. वे अपनी पसंद दर्ज कराकर उपलब्धता के आधार पर 5 या 10 किलोग्राम का सिलेंडर बाजार मूल्य पर ले सकते हैं. मंत्रालय का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य डुप्लीकेट और अयोग्य कनेक्शन हटाकर सब्सिडी को वास्तविक पात्र उपभोक्ताओं तक पहुंचाना है. सहायता के लिए LPG हेल्पलाइन 1800 2333 555 पर संपर्क किया जा सकता है.